बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 अप्रैल। जमीन खरीदी-बिक्री से सरकार का खजाना उम्मीद से अधिक भर गया है। शासन ने जिले के लिए 78 करोड़ 40 लाख का राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा था। इसके विपरीत बेमेतरा, साजा, बेरला और नवागढ़ के उपपंजीयक कार्यालय से 84 करोड़ 36 लाख का राजस्व शासन ने जुटाया है। जिले में सबसे अधिक 41 करोड़ 96 लाख का राजस्व बेमेतरा उपपंजीयक कार्यालय ने जुटाया है।
जानकारी के अनुसार जिले में गत वित्तीय वर्ष में जमीन की खरीदी-बिक्री जमकर हुई। दस्तावेज पंजीयन के तौर पर शासन को भारी लाभ हुआ। अचल संपत्ति के दस्तावेज पंजीयन से प्राप्त होने वाले राजस्व को जुटाने के लिए बेमेतरा उपपंजीयक को 40 करोड़ 75 लाख का टारगेट मिला था।
बेमेतरा कार्यालय में गत 31 मार्च तक 41 करोड़ 91 लाख से अधिक की आय हुई है। बेमेतरा में लक्ष्य के विपरीत लगभग 3 फीसदी अधिक राजस्व जुटाया गया है। बेरला उपपंजीयक कार्यालय को 17 करोड़ का राजस्व जुटाना था। मार्च की अंतिम तारीख तक 18 करोड़ 20 लाख का राजस्व मिला है। हालांकि पूर्व सत्र की अपेक्षा इस बार 5.78 फीसदी कम राजस्व प्राप्त हुआ है।
साजा उपंजीयक कार्यालय को 13 करोड़ का राजस्व जुटाना था, जिसके विपरीत इस कार्यालय से 14 करोड़ 55 लाख का राजस्व मिला है। सबसे कम राजस्व का लक्ष्य नवागढ़ उपंजीयक कार्यालय को दिया गया था, जहां से केवल 8 करोड़ का राजस्व शासन को मिलने का अनुमान था। सत्र 2024-25 में 8 करोड़ 43 लाख का राजस्व मिला है।
जिले के बेमेतरा, साजा व नवागढ़ उपपंजीयक कार्यालय में मार्च 2024 के दौरान हुई आय के विपरीत अधिक लाभ हुआ है। वहीं बेरला में कम आय हुई है। बेरला में 2024 के मार्च के दौरान 19 करोड़ 43 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ था, जिससे लगभग 6 फीसदी कम यानी 18 करोड़ 30 लाख का राजस्व इस बार शासन को मिला है।
सत्र में हुई 14 हजार से अधिक रजिस्ट्री
दस्तावेज पंजीयन की संख्या के आंकड़ों में बेरला में पूर्व सत्र की अपेक्षा 462 रजिस्ट्री कम हुई है। 2023-24 में इस कार्यालय में 3477 पंजीयन हुए थे। वहीं 2024-25 में 3015 रजिस्ट्री हुुई है। बेमेतरा उपपंजीयक कार्यालय में 6427 रजिस्ट्री हुई है, जो 2023- 24 में हुई 6047 रजिस्ट्री से 377 अधिक है। साजा में 2699 पंजीयन हुए हैं, जो पूर्व की अपेक्षा 96 अधिक हैं। इसी तरह नवागढ़ में 2699 पंजीयन हुए हैं, जो पूर्व की अपेक्षा 282 अधिक हैं। सत्र 23-24 के दौरान 14144 पंजीयन हुए थे। इस बार 14437 भू-अभिलेखों का पंजीयन हुआ है।
बेमेतरा उपंजीयक कार्यालय 41 करोड़ 96 लाख 59 हजार 992
बेरला उपपंजीयक कार्यालय 18 करोड़ 30 लाख 87 हजार 178
साजा उपपंजीयक कार्यालय 14 करोड़ 55 लाख 35 हजार 434
नवागढ़ उपपंजीयक कार्यालय 9 करोड़ 53 लाख 40 हजार 627
शासन को 2024 के वित्तीय सत्र में चारों उपपंजीयक कार्यालयों से 56 करोड़ 80 लाख का राजस्व मिला था, जिसमे सबसे अधिक 23 करोड़ 23 लाख का राजस्व बेमेतरा कार्यालय से मिला था। इस बार ?41 करेाड़ 96 लाख का राजस्व बेमेतरा को मिला है, जो बीते सत्र की अपेक्षा 80.59 फीसदी अधिक है। बेरला उपपंजीयक कार्यालय को गत सत्र 19 करोड़ 43 लाख का राजस्व मिला था पर सत्र 2024-25 में 18 करोड़ 30 लाख का राजस्व मिला है। कुल राजस्व को देखा जाए तो बेरला में कम आय हुई है पर लक्ष्य से अधिक राजस्व प्राप्त हो चुका है। साजा उपपंजीयक कार्यालय को 2024 के दौरान 7 करोड़ 54 लाख का राजस्व मिला था, जिससे बढक़र 2025 में ?14 करोड़ 55 लाख से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है, जो 2023-24 की अपेक्षा 92.80 फीसदी अधिक है। नवागढ़ उपपंजीयक कार्यालय को 2024-25 में ?6 करोड़ 56 लाख का राजस्व मिला था और 2024-2 5 के दौरान 9 करोड़ 53 लाख की आय हुई है, जो पूर्व सत्र की अपेक्षा 48.51 फीसदी अधिक रहा है।
ज्यादा राजस्व प्राप्त हुआ
जिला पंजीयक संतलाल नेताम ने बताया कि जिले को नए सत्र के लिए र राजस्व का लक्ष्य नहीं मिला है लक्ष्य आने के बाद भी इसकी जानकारी दे पाऊंगा। पूर्ण सत्र में जिले में लक्ष्य से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।


