बेमेतरा

हर्षवर्धन बने किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक
11-Jan-2026 7:21 PM
हर्षवर्धन बने किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 11 जनवरी। प्रदेश भाजपा संगठन ने किसान हितों को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सहकारिता क्षेत्र से लंबे समय से जुड़े हर्षवर्धन तिवारी को भाजपा किसान मोर्चा के महत्वपूर्ण प्रकल्प ‘किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ)’ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति को संगठन में किसान केंद्रित राजनीति को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा निर्णय माना जा रहा है।

हर्षवर्धन तिवारी को मिले इस दायित्व के तहत वे प्रदेशभर में किसान उत्पादक संगठनों को संगठित कर किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, बेहतर बाज़ार व्यवस्था, लागत में कमी और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति की खबर से जहां भाजपा संगठन में उत्साह है, वहीं क्षेत्र के किसानों में भी हर्ष का माहौल देखा जा रहा है। हर्षवर्धन तिवारी की नियुक्ति पर भाजपा संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों में विधायक दीपेश साहू,जिला भाजपा अध्यक्ष अजय साहू,प्रदेश मंत्री संध्या परगनिया,प्रदेश संयोजक अवधेश चंदेल,रजक कार बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक,नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा,रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा,पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

संगठन ने जताया भरोसा, किसानों में बढ़ी उम्मीद

नए दायित्व मिलने पर हर्षवर्धन तिवारी ने प्रदेश भाजपा नेतृत्व, जिला नेतृत्व एवं सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किसानों के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि एफपीओ के माध्यम से छोटे एवं सीमांत किसानों को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना उनका प्राथमिक लक्ष्य रहेगा।चर्चा के दौरान तिवारी ने एफपीओ की अवधारणा को विस्तार से स्पष्ट करते हुए बताया कि किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) किसानों द्वारा बनाया गया एक सामूहिक संगठन होता है, जिसका उद्देश्य छोटे किसानों को आर्थिक, तकनीकी और विपणन स्तर पर मजबूत बनाना है। एफपीओ के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद एवं कृषि इनपुट,आधुनिक कृषि तकनीक एवं प्रशिक्षण,कृषि उपज की प्रोसेसिंग, भंडारण एवं मार्केटिंग ,सीधे बाज़ार से जुड़ाव और बेहतर मूल्य,जैसी सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाती हैं। एफपीओ किसानों की सौदेबाजी की शक्ति बढ़ाने, उत्पादन लागत घटाने और मुनाफा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राजनीतिक दृष्टि से अहम नियुक्ति

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह नियुक्ति भाजपा की किसान केंद्रित रणनीति को और धार देने वाली मानी जा रही है। सहकारिता क्षेत्र में हर्षवर्धन तिवारी के अनुभव का लाभ अब प्रदेशभर के किसानों को मिलेगा। एफपीओ के माध्यम से किसानों को संगठित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह फैसला आगामी समय में भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।


अन्य पोस्ट