बेमेतरा
बेमेतरा, 21 अक्टूबर। शासन के निर्देशानुसार शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रानो की विज्ञान एवं नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन ने माह के तृतीय शनिवार को हमारे पूर्व राष्ट्रपति डॉ ए पी जे अब्दुल कलाम की जयंती पर शाला में मॉडल एवं जीवनी लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने बहुत ही सुंदर ढंग से उनकी जीवनी को अपने शब्दों में ढाला और बहुत सुंदर मॉडल बनाए।
शिक्षक अवध राम वर्मा ने बच्चों को सामूहिक रूप से पूर्व राष्ट्रपति डॉ कलाम के जीवन से संबंधित बातों, उनकी उपलब्धियों एवं जीवन में आने वाली विभिन्न चुनौतियों तथा वे किस तरह से एक होनहार विद्यार्थी से देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति तक पहुंचे, इन सभी बातों का उल्लेख किया।
शिक्षिका कनकलता सरसुधे ने उस पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वह अपनी मां के बहुत कऱीब थे। और उनकी माता अपने परिवार की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण जब सबके लिए पर्याप्त भोजन नहीं मिल पाता था तो वो किस तरह अपने बेटे अब्दुल को दे दिया करती थी। और जब ये बात कलाम जी को पता चली तो उन्हें बहुत दु:ख होता था।
अंत में नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन ने इस आयोजन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए बताया कि जिस तरह डॉ. कलाम जी ने अपने जीवन की चुनौतियों को अपने जीवन में बाधा बनने नहीं दिया और निरंतर प्रयास और संघर्ष करते हुए आगे बढ़ते चले गए। उसी तरह हम सभी को भी अपने जीवन की चुनौतियों से घबराना नहीं चाहिए और अपने कठिन परिश्रम से अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर होना चाहिए। इसके साथ ही बच्चों में जीवन के प्रति उनकी सोच एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को भी स्पष्ट किया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक किशुन राम साहू, शिक्षक अवध राम वर्मा, शिक्षिका कनकलता सरसुधे सहित समस्त बच्चे उपस्थित रहे।


