बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 अक्टूबर। केंद्रीय नोडल अधिकारी पंकज कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में ‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन-2024’ के तहत जि़ला अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में वैज्ञानिक एवं तकनीकी अधिकारी केंद्रीय भूमिजल बोर्ड रायपुर डॉ. रजनी कांत शर्मा साथ थे।
संबंधित विभिन्न विभागों लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन, कृषि,जनपद,महिला एवं बाल विकास, जलसंसाधन, सहित नगरीय निकाय के जि़ला अधिकारी उपस्थित थे। पंकज कुमार ने बैठक में जिले में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए की गई योजनाओं की जानकारी ली और भविष्य की कार्य योजनाओं पर चर्चा की।
सीईओ जिला पंचायत, टेकचन्द्र अग्रवाल ने पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से अभियान की प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जल संसाधनों के प्रबंधन, वर्षा जल के संचयन और जिले में जल संकट को कम करने के लिए की गई पहल पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक के दौरान जिले में जल संचयन के लिए किए गए कार्यों की सराहना की और आगे की कार्य योजना पर चर्चा की। पंकज कुमार ने जल शक्ति अभियान के सफल कार्यान्वयन के लिए सभी अधिकारियों को मिलकर कार्य करने कहा, जिससे जिले में जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने ग्रामीण जनों को जागरूक करने के साथ जल संचयन करने के बारे में बेहतर तरीके से समझाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल के प्रत्येक बूंद को सहेजना और जल संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना है।उन्होंने सभी स्कूल भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य विभाग के भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नोडल पंकज कुमार ने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में जल सरंक्षण की दिशा में कार्य योजना बनाकर कार्य करें और लोगों को इस अभियान से जोड़े। सभी अधिकारियों ने जल संरक्षण को सफल बनाने के लिए अपने-अपने विभागों के माध्यम से सक्रिय रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। आभार व्यक्त कार्यपालन अभियंता,जल संसाधन सीजी चन्द्र शेखर शिवहरे ने किया।


