बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 सितंबर। पथर्रा रांका में एथेनॉल प्लांट व सारदा में स्पंज आयरन प्लांट बंद करने की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। ग्राम पथर्रा में किसानों की एक जनसभा हुई, जहां पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि सभी को इस तरह की कंपनी से पीड़ा तकलीफ है। कृषि आधारित जिला में कृषि आधारित उद्योग होना चाहिए।
विधायक ने कहा कि हमने जो वादा किया उसे अभी तक पूरा करते आए हैं। इसका उदाहरण महिलाओं को एक हजार रुपए देने 21 सौ रुपए में प्रति क्विंटल धान ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे आंदोलन की शुरूआत से साथ में थे और आने वाले समय में भी किसानों के साथ रहेंगे। कंपनी का निर्माण उनके कार्यकाल में शुरू नहीं हुआ। विधायक ने कहा उन्हें पद की चिंता नहीं है। उन्होंने बताया कि 50-60 आदमियों के साथ उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी बात की है। उन्होंने कहा कि मैं तन मन धन से आप सभी का सहयोग करूंगा। उद्योग कैसे बंद होगा इस पर ध्यान देना है।
ट्रैक्टर रैली बेमेतरा में निकलनी थी
गांव के किसानों व महिलाओं ने पथर्रा के पास अपनी मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। महिलाएं पुरुष ट्रैक्टरों में बैठकर धरना स्थल पर आए। पहले ट्रैक्टर रैली बेमेतरा में होनी थी, लेकिन बाद में उसे स्थगित कर दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक मांग पूरा नहीं होगी, तब तक इस आंदोलन को जारी रखा जाएगा। बेमेतरा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय सिन्हा व विकास तंबोली सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
फैक्ट्री बंद करने के लिए मांगे गए सुझाव
धरना स्थल पर ही विधायक की उपस्थिति में निर्माणाधीन फैक्ट्री को बंद करने के लिए लोगों से सुझाव मांगे गए। इस पर कुछ ने बताया कि रांका के मैदान को अवैध तरीके से फैक्ट्री वालों को दिया गया है, जिस पर रोक लगा दें तो कारखाना का निर्माण नहीं हो पाएगा क्योंकि यह ग्रामीण क्षेत्र है। लोगों ने यह भी कहा कि यह औद्योगिक क्षेत्र नहीं है इसलिए इस पर रोक लगाई जा सकती है। वहां आने जाने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इस पर विधायक ने टीम बनाकर जांच करने की बात कही।
व्यक्तिगत टिप्पणी पर हुआ विवाद
धरना स्थल पर उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब एक व्यक्ति ने एक व्यक्ति विशेष के बारे में टीका टिप्पणी कर दी, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। वहां उपस्थित नेताओं ने कहा कि यह सर्वदलीय मंच है। यहां पर किसी भी व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं होनी चाहिए ना किसी के नाम को लेकर यहां पर कोई चर्चा होनी चाहिए। विधायक से उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि इस मामले में जान की परवाह अब गांव वालों को नहीं है। उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन सौपा है। जल्दी से जल्द इस मामले में निदान होनी चाहिए।


