बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 18 अगस्त। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने ग्राम झालम में स्थित गौ-अभयारण्य में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल में पहुँचे। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल में चल रहें सभी कार्यों का निरीक्षण किया तथा निरीक्षण उपरांत महत्वपूर्ण बैठक की। कलेक्टर ने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कलेक्टर शर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए समय के पहले सभी कार्यों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने के लिए पक्की सडक़, तात्कालिक तौर पर आने-जाने के लिए अस्थायी पुलिया और हेलीपेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हैलीपैड स्थल, सभा स्थल आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण के साथ-साथ स्थल पर मुरुम की पटाई भी जल्द से जल्द पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा। कलेक्टर ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी आवश्यक निर्माण कार्य और व्यवस्थाएँ समय पर पूरी हो जाएं ताकि कार्यक्रम में कोई अव्यवस्था न हो।


