बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दीपेश साहू ने भिंभौरी मंडल के ग्राम सहगांव, चेटुवा, जमघट, अछोली, पाहंदा, मुड़पार, बेलौदीकला, मटिया, कोसपातर, बारगांव, कुम्ही एवं बेरला मंडल के ग्राम खर्रा, देवरी, खाल्हे देवरी में प्रचार-प्रसार किया।
इस दौरान इस दौरान भाजपा प्रत्याशी ने मतदाताओं से कहा कि कांग्रेस यानी झूठ की गारंटी। बिजली बिल हाफ करने का वादा किया गया था। वादा पूरा करना तो दूर किसानों को लाखों रुपए बिजली बिल थमाए गए। बिल को सुधरवाने किसान सालों से बिजली दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई भी ध्यान नहीं दे रहा। सत्ता पक्ष के जन प्रतिनिधियों के पास जाने के बावजूद उन्होंने किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया। किसान कांग्रेस की सरकार में परेशान है। अब किसान इस सरकार से निजात चाहते हैं, किसानों को लेकर जो भी वादे किए गए थे वह आज तक पूरे नहीं किए गए। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए की दर से खरीदने का वादा किया है। वहीं 2 साल का बकाया बोनस भी किसानों को दिया जाएगा। किसानों से खरीदे धान की राशि एक मुश्त उनके बैंक खाते में जमा कराई जाएगी, जबकि कांग्रेस की सरकार में बोनस के रूप में यह राशि चार बार किस्तों में किसानों के खाते में जमा कराई जाती है। परेशान किसान बैंकों के चक्कर काटते रहते हैं कि यह राशि कब उनके खाते में आएगी। भाजपा की सरकार बनने पर यह समस्या नहीं रहेगी और एक मुश्त धान की राशि किसानों खाते में जमा कराई जाएगी।


