बेमेतरा
कांग्रेस ने तीन में से दो विधानसभा के लिए प्रत्याशी घोषित किए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 16 अक्टूबर। जिले की तीन विधानसभा सीटों में से साजा व नवागढ़ विधानसभा के लिए कांग्रेस व भाजपा ने अपने-अपने दल के अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। मैदान में प्रत्याशी उतारने में भाजपा ने बाजी मारी है। वहीं रविवार को कांग्रेस ने तीन में से दो विधानसभा के लिए अपने दावेदार घोषित किए। बेमेतरा विधानसभा के लिए दोनों दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं
कांग्रेस के दोवेदारों में नवागढ़ विधानसभा से गुरू रूद्र कुमार व साजा से रविन्द्र चौबे मैदान में हैं। इससे पूर्व भाजपा नवागढ़ से दयालदास बघेल व साजा से गैर राजनीतिक ईश्वर साहू को मैदान में उतारा है। नवरात्रि की सुबह जिले के दो विधानसभा के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। नवागढ़ में भाजपा का पुराना चेहरा है। वहीं साजा में कांग्रेस के पास पुराना चेहरा है। कांग्रेस ने रविन्द्र चौबे को नौवी बार चुनावी मैदान में उतारा है। दूसरी तरफ नवागढ़ विधानसभा में कांग्रेस ने क्षेत्र में नए दावेदार गुरू रूद्र कुमार को मैदान में उतारा है। वहीं साजा में भाजपा ने गैर राजनीतिक चेहरा ईश्वर साहू को अपना उम्मीदवार बनाया है।
साजा में तीन बार जीत चुके चौबे, ईश्वर पहली बार मैदान में
छत्तीसगढ़ गठन के बाद 4 बार हुए विधानसभा चुनाव में साजा विधानसभा से कांग्रेस की ओर से रविन्द्र चौबे ने साल 2003, 2008 और 2018 में जीत दर्ज की। वहीं 2013 में चौबे की पराजय हुई। भाजपा ने यहां तीन बार प्रत्याशी बदले। 2003 में दीपक साहू, 2008, 2013 व 2018 में लाभचंद बाफ ना मैदान में रहे। बाफना 2013 में चौबे को हराकर विधायक बने थे। प्रदेश के पांचवें विधानसभा चुनाव में भाजपा ने नए चेहरे ईश्वर साहू पर विश्वास जताते हुए अपना दावेदार बनाया है। जबकि पांचवी बार भी कांग्रेस से रविन्द्र चौबे ही दावेदार घोषित किए गए।
भाजपा के दावेदार चार में से तीन बार जीते
नवागढ़ विधानसभा के लिए 2003 से लेकर 2018 तक भाजपा के दावेदार रहे दयालदास बघेल चार में से तीन चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने 2003, 2008 व 2013 में लगातार जीत दर्ज की। हर बार उनका मुकाबला डेरहू प्रसाद धृतलहरे से होता रहा। 2018 के चुनाव में वे कांग्रेस के गुरूदयाल से हार गए। अब पांचवी बार चुनाव लड़ रहे दयालदास बघेल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी गुरू रूद्र कुमार मैदान में हैं।
बेमेतरा के लिए दोनों दलों ने नहीं खोले पत्ते
बीजेपी और कांग्रेस ने बेमेतरा विधानसभा के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। रविवार को जारी सूची में बेमेतरा विधानसभा का कोई जिक्र नहीं किया गया। भाजपा की सूची में भी बेमेतरा सीट के उम्मीदवार का नाम नदारद है। बता दें कि छत्तीसगढ गठन के बाद बेमेतरा विधानसभा के लिए हुए चार चुनाव में 2003 के दौरान कांग्रेस के डॉ.चेतन सिंह वर्मा चुनाव जीते। वहीं भाजपा की शारदा महेश तिवारी चुनाव हारी थीं। इसके बाद 2008 में कांग्रेस के ताम्रध्वज साहू चुनाव जीते। वहीं भाजपा के अवधेश चंदेल चुनाव हार गए। 2013 में भाजपा के अवधेश चंदेल जीते। वहीं काग्रेस के ताम्रध्वज साहू की हार हुई। इसके बाद 2018 में कांग्रेस के आशीष छाबड़ा ने भाजपा के अवधेश चंदेल को चुनाव हराया।
चार चुनावों में काग्रेस को तीन व भाजपा को एक बार जीत हासिल हुई है। जिले की सबसे हॉट सीट बनती जा रही बेमेतरा विधानसभा के लिए कांग्रेस व भाजपा के दावेदारों के नाम की घोषणा को लेकर लोगों में उत्सुकता है।
विधानसभा कांग्रेस भाजपा
साजा रविन्द्र चौबे ईश्वर साहू
बेमेतरा 0 0
नवागढ़ गुरु रूद्र कुमार दयालदास बघेल



