बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 अगस्त। बुधवार को चंद्रयान की चंद्रमा पर लैंडिंग को देश में करोड़ों लोगों ने टेलीविजन के माध्यम से देखा। वहीं स्कूलों में भी प्रसारण देखने के लिए एक घंटे की अतिरिक्त कक्षा लगाई गई। जिला मुख्यालय के सभी स्कूलों में शिक्षक व स्टूडेंट्स ने देश की उपलब्धि का प्रसारण देखा। घरों में भी लोग प्रसारण देखने के लिए टीवी सेट के सामने डटे रहे।
ज्ञात हो कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जिले के बेमेतरा, साजा, नवागढ़ व बेरला विकासखंड में संचालित सभी स्कूलों में शाम 5 बजकर 27 मिंनट से चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग का सीधा प्रसारण इसरो के वेबसाइट व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखने का निर्देश जारी किया था। आदेश के बाद से आत्मांनद स्कूल, शासकीय बालक स्कूल, सिंधौरी में संचालित मिडिल हाईस्कूल में सुबह से ही प्रसारण देखने की तैयारी की गई थी। कन्या शाला में छात्राओं को समय से पूर्व छुट्टी दी गई थी, जिसके बाद शाम 5 बजे के करीब सभी छात्राओं को प्रसारण देखने के लिए बुलाया गया। जैसे ही चंद्रयान 3 ने चंद्रमा में लैंडिंग की, छात्राओं व शिक्षकों ने ताली बाजाकर अभिवादन किया। स्कूल हॉल में 300 से अधिक छात्राएं व 22 शिक्षकों ने एक साथ कार्यक्रम का प्रसारण देखा। शिक्षक प्रमोद ठाकुर व डीआर साहू ने बताया कि देश की उपलब्धि को इस तरह देखना अद्भुत व गर्व वाला क्षण रहा। छात्रा योगिता शर्मा, जीनू श्रीवास, रिमा रश्मी, लक्ष्मी साहू, अजंली दुबे, शीतल श्रीवास ने इसे अभूतपूर्व बताया। इस अवसर पर शिक्षक राजेश नामदेव, नुतेश्वर चंद्राकर, देवेन्द्र साहू आदि उपस्थित रहेे।
स्कूलो में बुधवार को प्रसारण देखने से वंचित छात्र-छात्राओं को गुरूवार को रिकॉर्डेड प्रसारण दिखाया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी एके मिश्रा ने बताया कि जिले के स्कूलो में हजारों छात्राओ ने प्रसारण देखा है। यह हम सबके लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा।
एक घंटे तक लोगों ने काम बंद कर प्रसारण देखा
चंद्रयान 3 की लैंडिंग के प्रसारण के दौरान शहर में करीब एक घंटे तक लोग सडक़ पर कम नजर आए। प्रसारण के दौरान लोग टीवी व मोबाइल सेट पर नजरे जमाए हुए थे। अमित कुमार वर्मा ने बताया इसका उसे बेसब्री से इंतजार था। विनय, पूनम शर्मा ने बताया कि आज का दिन विशेष रहा। गणेश्वर वैष्णव ने बताया कि पूरा काम काज छोड़ कर प्रसारण देखा है।


