बेमेतरा

हड़तालियों पर एस्मा लागू, फिर भी 166 कर्मी नहीं लौटे
24-Aug-2023 3:14 PM
हड़तालियों पर एस्मा लागू, फिर भी 166 कर्मी नहीं लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 अगस्त।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल को कमजोर करने शासन ने हड़तालियों पर एस्मा लागू कर दिया है। इसके बावजूद भी कर्मचारी व डॉक्टर काम पर वापस नहीं लौटे।

हडताल की वजह से बेरला, साजा, नवागढ़ एवं खंडसरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत अन्य अस्पतालों में मरीजों का उपचार व स्वास्थ्यगत सेवाएं प्रभावित हुई हैं। जिले के 3 सामुदायिक केन्द्र के संस्था प्रमुख भी हडताल पर हैं। जिला अस्पताल में ऑपरेशन, उपचार व मेडिकल बोर्ड की जांच के काम पर हडताल का असर पड़ा है। बता दें कि अपने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर बीते तीन दिनों से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी व डॉक्टर फेडरेशन के समर्थन में हडताल पर हैं।

मेडिकल जांच कराने पहुंचे दिव्यांग दिन भर भटकते रहे 

जिला अस्पताल में प्रत्येक बुधवार को दिव्यांग व अन्य जरूरी मंदों के लिए मेडिकल बोर्ड का शिविर लगाया जाता है, जिनमें चिन्हित डॉक्टर सेवा देते हैं। बुधावार को अस्थि व अन्य जांच के लिए डॉक्टर पहुंचे थे। वहीं ईएनटी के डॉ. गौतम हडताल पर हैं। डॉक्टर के नहीं होने के कारण जिला अस्पताल में जांच कराने के लिए पहुंचे मरीजों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। 
दूसरी तरफ हड़ताल को देखते हुए जिला अस्पताल में केवल आपातकालीन मरीजों का ही उपचार किया जा रहा है। अन्य मरीजों के लिए परिसर में बोर्ड चस्पा कर दिया गया है। जिला अस्पताल में बीते तीन दिनों के दैारान सीजीरियन, प्रसव व उपचार के कार्य प्रभावित हुए हैं। सिविज सर्जन डॉ. संतराम चुरेन्द्र ने बताया कि हड़ताल पर जाने वालों को नोटिस दिया गया है।

प्रसव व उपचार की सेवा हुई प्रभािवत, मरीज परेशान

अनिचितकालीन हड़ताल की वजह से जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ केन्द्रों में प्रसव व अन्य उपचार प्रभावित हुई हैं। वहीं उपस्वास्थ्य केन्द्र में मैदानी स्तर की उपचार व सलाह का काम काज ठप है।

संगठन का दावा-तालाबंदी की स्थिति है, मांगें भी जायज

छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य फेडरेशन के जिला अध्यक्ष गुरू प्रसाद, सचिव योगेन्द्र भार्गव ने बताया कि बुधवार को तीसरे दिन विभाग के अन्य कर्मचारी संगठनों ने उनकी हड़ताल को समर्थन दिया है। जिले में बीते तीन दिनों से इंद्रधनुष टीका, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, पंजीयन, प्रसव, सामन्य जांच व अन्य कार्य प्रभावित हुए हैं। जिले में कई केन्द्रों पर ताला जड़ा हुआ है।

एस्मा लागू किया गया पर पहले दिन नहीं दिखा असर

जिले में उच्च कार्यालय के निर्देश के बाद एस्मा लागू किया गया, जिसके बाद सीएमएचओ द्वारा सिविज सर्जन व खंड चिकित्सा अधिकारीयों को आदेश का हवाला देकर एस्मा लागू होने के बाद हड़ताल बंद कर तत्काल काम पर वापसी के निर्देश दिए गए। काम पर नहीं लौटने पर 24 घंटे के भीतर एस्मा के तहत कार्रवाई की सूचना जारी की गई।
 आदेश जारी होने के बाद निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी जिले में हड़ताल पर गए 166 कर्मचारी काम पर वापस नहीं लौटे।
 


अन्य पोस्ट