बेमेतरा

प्राकृतिक आपदाओं से बचने प्रकृति से जुडऩा जरूरी-छाबड़ा
31-Jul-2023 8:32 PM
 प्राकृतिक आपदाओं से बचने प्रकृति से जुडऩा जरूरी-छाबड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 31 जुलाई। ग्राम पतोरा में ग्राम सुरक्षा समिति द्वारा आयोजित पौधरोपण एवं वार्षिक अधिवेशन में मुख्य अतिथि आशीष छाबड़ा विधायक बेमेतरा शामिल हुए। सर्वप्रथम स्व. जीयन बाई साहू एवं स्व. मोहन लाल साहू की स्मृति में नव निर्मित सामुदायिक भवन में पहुंच पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि आज ग्राम पतोरा में हमारे गांव के सुरक्षा समिति के सदस्यों द्वारा पौधरोपण एवं वार्षिक अधिवेशन का कार्यक्रम हुआ।

ग्राम पतोरा में लगभग 10 वर्षों से समरसता व सद्भावना के साथ ग्राम सुरक्षा समिति का संचालन किया जा रहा है। ग्राम समिति बनाने की मंशा है, कि गांवों में सुरक्षा समितियों के होने से गांव में आपसी तालमेल बनी रहे। गांव में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटनाएं न हो, गांव में अपराधों पर अंकुश लगे, गांव में होने वाली हर एक गतिविधियों की जानकारी ग्राम सुरक्षा समिति के माध्यम से पुलिस को मिलता रहे।

साथ ही ग्राम सुरक्षा समिति द्वारा बढिय़ा पौधरोपण का भी हुआ। वातावरण में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रण में रखने और स्वच्छ वायु प्रदान करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण आवश्यक है। पूर्व काल में इन वृक्षों के नीचे बैठकर अनेक छात्र देश के राजा, राजनीतिज्ञ, विद्वान, कवि इत्यादि बने। जिन वृक्षों ने हमारे भोजन की व्यवस्था की, उन वृक्षों के महत्व का स्मरण कर प्रत्येक को पौधारोपण करना चाहिए। पेड़ों की जिस तरह से आज कटाई हो रही है और वनों की संख्या में गिरावट आ रही है उसने मनुष्य के अस्तित्व पर ही प्रश्नचिह्न लगा दिया है। पर्यावरण रहेगा तभी मनुष्य का अस्तित्व बचा रहेगा, इसे आज भी लोग नहीं समझ पा रहे हैं। जिस तेजी से आज के दौर में पेड़ काटे जा रहे हैं उसी अनुपात में लगाए नहीं जा रहे जो बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन काल में न्यूनतम एक वृक्ष रोपित कर उसका संरक्षण करना चाहिए जिससे प्रकृति का संतुलन भी बना रहे।

 यह वर्तमान परिस्थितियों में पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यन्त आवश्यक है, पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा के लिए पौधे लगाना अति आवश्यक है, पेड़ पौधे न सिर्फ वातावरण को संतुलित करते है,वरन प्राकृतिक आपदाओं से भी सुरक्षा देते है।


अन्य पोस्ट