बेमेतरा

बाढ़ में डूबी सब्जी की फसलें, अरहर, धान, मूंगफली, कोदो को भी नुकसान
31-Jul-2023 3:47 PM
बाढ़ में डूबी सब्जी की फसलें, अरहर, धान, मूंगफली, कोदो को भी नुकसान

लगातार बारिश से कठोतिया, मजगांव के खेतों में भरा पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 31 जुलाई।
शनिवार को हाफ नदी में आई बाढ़ से नदी तट पर बसे ग्राम के किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। नदी तट पर लगे सब्जी या तो बह गए या उखड़ गए। ग्राम मजगांव निवासी किसान नेता संतोष साहू ने बताया कि गत वर्ष आए बाढ़ को नई पीढ़ी ने पहली बार देखा था। इससे यही अनुमान लगा कि बाढ़ की चालीस साल में यह दृश्य देखने को मिलता है। बेफिक्र किसान नदी किनारे सब्जी एवं धान की विपुल खेती किए।

शनिवार को पांच घंटे की बाढ़ के बाद ग्राम कठोतिया, मजगांव, उड़तला, बैहरसरी एवं बिरसिंघी के किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। किसान आजूराम निषाद, संतोष निषाद, जगन्नाथ निषाद, भुवन ,हरिशंकर चंद्रकांत सिंह, भकला रजक, जगदीश जायसवाल, शिव कुमार चौहान, ननकु डोंडरे एवं रमाशंकर शुक्ल इससे अधिक प्रभावित हुए है। मूंगफली, अरहर, धान, कोदो एवं सब्जी को नुकसान हुआ है। संतोष साहू ने राज्य सरकार से फसल क्षति का तत्काल आंकलन कर किसानों को क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।

नदी तट का कटाव बढ़ा
मजगांव बिरसिंघी एवं बैहरसरी के बीच हाफ नदी में कटाव तेजी से बढ़ता जा रहा है। यदि यही स्थिति रही तो बिरसिंघी का एक हिस्सा तबाह हो जाएगा। तट बंध के लिए प्रस्ताव कई बार गया पर वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली जिसके कारण कोई कार्य नहीं हो सका। मजगांव निवासी संतोष साहू ने कहा कि नदी की बहाव की दिशा में बदलाव किसान एवं नदी तट पर रहने वालों को दिक्कत होगी।
 


अन्य पोस्ट