बस्तर

286 करोड़ से हो रही बस्तर में उपकेन्द्रों की स्थापना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 22 जुलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव की पहल पर बस्तर में 286 करोड़ की लागत से सीएसपीटीसीएल के द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर विद्युत व्यवस्था के लिए उपकेन्द्रों की स्थापना की जाएगा। जिसके लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। बस्तर को हर क्षेत्र में विकसित बनाने के उद्देश्य से संवेदनशील भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव लगातार प्रयासरत हैं, जिसका क्षेत्र में व्यापक परिणाम मिल रहा है।
इसी कड़ी में बस्तर में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार से 286 करोड़ रुपए की राशि उपकेन्द्र के स्थापना के लिए स्वीकृत हुआ है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने बस्तर में बेहतर विधुत व्यवस्था के उपकेंद्र निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत करने पर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सहृदय धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि बस्तर में विधुत व्यवस्था को जनता के मांग के अनुरूप बेहतर करने के उद्देश्य से 400केवी उपकेन्द्र, अतिरिक्त 500 एमवीए, 400/220 केवी ट्रासफॉर्मर ,220/132/33 केवी जगदलपुर उपकेन्द्र,कलचा नगरनार एवं कोड़ेनार 132/33 केवी उपकेन्द्र की स्थापना होगी।
श्री देव ने बताया -बस्तर में विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। इसके स्थापना होने से बस्तर संभाग में सतत् रूप से विद्युत प्रवाह होगा। हमारे क्षेत्र के देवतुल्य जनमानस को उपकेंद्र के स्थापना से अब समस्या उत्पन्न नहीं होंगी। हमारी सरकार बस्तर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा, विधुत, पेयजल, एवं मूलभूत सुविधा देने के लिए सतत् कार्य कर रही है। जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस कार्ययोजना के साथ क्षेत्र में विकास कार्य अनवरत जारी है।