बस्तर

लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर लाखों की ठगी, दिल्ली से 2 आरोपी बंदी
16-Jun-2025 10:31 PM
लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर लाखों की ठगी, दिल्ली से 2 आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 16 जून। बस्तर पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है, जिसमें लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के रिन्यूअल के नाम पर एसबीआई के रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर से लाखों रुपए की ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को पुलिस ने दिल्ली के नोएडा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि बीते दिनों एसबीआई  के एडीबी ब्रांच में डिप्टी मैनेजर के पद में पदस्थ शहर के मोतीलाल नेहरू वार्ड के निवासी आनंद राव देशमुख जो वर्ष 2015 में रिटायर हो गए थे, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से एक पॉलिसी करवाई थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से उन्होंने पॉलिसी का केवल एक किश्त ही जमा किया था, इसके बाद उन्होंने इस पॉलिसी पर ध्यान नहीं दिया, इसी दौरान वर्ष 2023 के अक्टूबर में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे उनके मोबाइल पर उनकी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी को रिन्यूअल करने का झांसा दिया।

 लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यू करने का झांसा देकर अज्ञात व्यक्ति ने उनसे वर्ष 2023 से लेकर वर्ष 2025 के अप्रैल तक एक बैंक खाते में अलग - अलग किश्तों में लगभग 20 लाख से ज्यादा रुपए ऐंठ लिए। जब इस बात की जानकारी आनंद राव देशमुख के बेटे को हुई तो उसने शक करते हुए अज्ञात व्यक्ति के फ़ोन नम्बर पर उससे संपर्क किया।

 बेटे के द्वारा अज्ञात व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उनके पिता की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यू नहीं हुई है, इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने पूरी रकम वापस करने की बात कही। कुछ दिनों के बाद अज्ञात व्यक्ति ने विभिन्न माध्यमों से पीडि़त के बैंक खाते में 9 लाख 2 हजार रुपए जमा करा दिया, लेकिन 11 लाख 88 हजार से ज्यादा रुपए नहीं लौटाए, जिसके बाद पीडि़त ने इस मामले को लेकर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराया,

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न बैंकों से जानकारी हांसिल की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान भी संदिग्ध लोगों के द्वारा पीडि़त को लगातार फ़ोन कॉल किया जा रहा था, यह सारे कॉल्स दिल्ली के नोएडा सेक्टर 62, 63 और 66 से किये जा रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान की।

पहचान करने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम तत्काल ही दिल्ली के नोएडा के लिए रवाना हो गई।

नोएडा पहुंचने के बाद पुलिस की टीम वहां 3 दिनों तक बैंक कर्मी और किरायेदार बनकर संदिग्ध लोगों की रेकी करती रहे,  रेकी करने और तसल्ली होने के बाद पुलिस की विशेष टीम ने नोएडा में स्थित एक होटल के पास घेराबंदी करते हुए दो संदिग्ध लोगों को धर दबोचा। पकडऩे के बाद पुलिस की टीम ने इनसे कड़ाई से पूछताछ शुरू की।

कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों लवकुश और राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही आरोपी लालगंज, नोएडा के रहने वाले है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के सामने इस मामले में एक महिला के भी शामिल होने की बात कबूली है. जिसके बाद पुलिस उक्त महिला की भी पतासाजी में जुट गई है।

 इसके साथ ही पुलिस की विशेष टीम को तकनीकी जांच और आरोपियों द्वारा मिली जानकारी के बाद देश के अन्य राज्यों जैसे गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और हरियाणा के लोगों का इन आरोपियों से लगातार संपर्क होना पाया गया है। पुलिस को इन लोगों से भी ठगी होने का शक है, जिसे लेकर पुलिस के द्वारा आगे जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


अन्य पोस्ट