बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 फरवरी। लामनी पार्क के पास शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार माइलस्टोन से टकराते हुए सडक़ से नीचे जंगल में जा पलटी। इस हादसे में कितने लोग घायल हुए, इस बात की जानकारी किसी को भी नहीं है। घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार का चारों पहिया ऊपर हो गया था, जबकि घटनास्थल पर कोई भी नहीं था।
मामले की जानकारी देते हुए आमजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह लामनी पार्क की ओर जा रहे कुछ लोगों ने सडक़ से नीचे जंगल में एक तेज रफ्तार कार को पलटी हालात में देख अंदर गए। इस दौरान कार में कोई भी मौजूद नहीं था।
घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार का चारों पहिया उपर की ओर था, जबकि कार का सामने हिस्सा माइल स्टोन (मार्ग पर लगा पत्थर या चिन्ह) से टकराने की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया था।
आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को जरूर दी, लेकिन कार में कितने लोग मौजूद थे, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है। फिलहाल, कार मालिक का पता लगाया जा रहा है, वहीं कितने लोग मौजूद थे, इसकी भी जांच की जा रही है।


