बस्तर

ओडिशा सीमा के चेकपोस्ट में गाडिय़ों की जांच कर अवैध धान के परिवहन पर नियंत्रण के निर्देश
02-Dec-2024 8:40 PM
ओडिशा सीमा के चेकपोस्ट में गाडिय़ों की जांच कर अवैध धान के परिवहन पर नियंत्रण के निर्देश

कलेक्टर ने बकावंड ब्लॉक के धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 2 दिसम्बर। कलेक्टर हरिस एस. ने सोमवार को जिले के बकावंड विकासखण्ड अंतर्गत कोलावल, करपावंड और मूली धान उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर किसानों को टोकन की सुलभता, बारदाना की उपलब्धता,समय पर तौल की व्यवस्था सहित किसानों के लिए पेयजल, शौचालय एवं शेड की व्यवस्था इत्यादि का संज्ञान लिया। वहीं बारिश से धान के बचाव के लिए डनेज एवं तिरपाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने इस दौरान इन खरीदी केन्द्रों में किसानों द्वारा लाए गए धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच कर गुणवत्तायुक्त धान का उपार्जन किए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ओडीसा सीमा पर स्थित चेक पोस्ट का भी जायजा लिया और अवैध धान के परिवहन रोकने लिए 24 घण्टे वाहनों की सघन जांच किए जाने के निर्देश दिए।

  कलेक्टर ने कोलावल धान खरीदी केन्द्र में भिरंडा निवासी कृषक चैतू द्वारा लाए गए धान में बदरा की ज्यादा मात्रा को देखते हुए उपस्थित अधिकारियों से धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच करवाया और उक्त धान को साफ कर विक्रय हेतु लाने की समझाइश किसान को दी। उन्होंने यहां पर अन्य किसानों से खरीदे गए धान का तौल करवाकर भी देखा और किसानों के उपज का सही तौल किए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने किसानों से रूबरू होकर टोकन के आधार पर रकबा एवं धान की मात्रा के बारे में पूछा। साथ ही इन किसानों के धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच करवाकर धान की खरीदी किए जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने करपावंड धान खरीदी केन्द्र में भी किसानों से चर्चा की और धान का रकबा, टोकन एवं विक्रय हेतु लाए गए धान के बारे में पूछा। वहीं किसानों को धान की सफाई करने सहित सुखाकर लाने की समझाइश दी। उन्होंने यहां पर भी किसानों के धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच करवाई। कलेक्टर ने धान विक्रय करने वाले किसानों से दुबारा टोकन नहीं लेने सम्बन्धी जानकारी लेकर उनका रकबा समर्पण करवाने के निर्देश दिए। साथ ही इन सभी धान खरीदी केन्द्रों में प्रति दिन की उपार्जन लिमिट के सम्बंध में पूछा और गांवों एवं हाट-बाजारों में मुनादी के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर किसानों से निर्धारित अवधि के दौरान धान विक्रय हेतु लाने के बारे में अवगत कराने कहा। जिससे बाद में लिमिट बढ़ाने की जरूरत न हो। उन्होंने बारदाना की उपलब्धता के सम्बंध में जानकारी ली और बराबर अनुपात में नए एवं पुराने बारदाने में धान खरीदी किए जाने के निर्देश दिए।

कोलावल चेक पोस्ट में सतत निगरानी रखने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने ओडीसा राज्य की सीमा पर अवस्थित चेक पोस्ट में सीसीटीवी एवं तैनात कर्मचारियों तथा अन्य व्यवस्था की जानकारी ली और डयूटी रोस्टर के आधार पर कर्मचारियों को उपस्थित रहकर वाहनों की सघन जांच कर अवैध धान के परिवहन रोकने की दिशा में सजगता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे 24 घण्टे निगरानी रखे जाने कहा और वन विभाग के बदले गए कर्मचारियों की तत्काल ड्यूटी में उपस्थिति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान खाद्य, मार्कफेड के अधिकारियों सहित तहसीलदार बकावंड श्री नीतिश वर्मा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट