बस्तर

मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, कलेक्टर ने कोन्टा नपं के उप अभियंता को किया निलंबित
17-Nov-2024 4:12 PM
मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, कलेक्टर ने कोन्टा नपं के उप अभियंता को किया निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 17 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करना कोन्टा नपं के उप अभियंता को महंगा पड़ गया। भाजपा नेताओं द्वारा की गई शिकायत के बाद कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने निलंबित कर दिया तो दूसरी ओर कोन्टा थाने में भी उक्त निलंबित अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।

सुकमा जिले में सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करना उप अभियंता को महंगा पड़ गया है। कोन्टा नपं में पदस्थ उप अभियंता देवेन्द्र कुमार पहाड़ी ने 6 नवंबर को अपने मोबाईल से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ एक अभद्र वीडियो को स्ट्ेटस के माध्यम से वायरल किया था। उक्त वीडियों के वायरल होने के बाद कोन्टा के भाजपाईयों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कोन्टा थाने में ज्ञापन देते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी को लेकर सुकमा जिले के वरिष्ठ भाजपाई में भारी नाराजगी व्याप्त थी। इस दौरान सुकमा जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष अरूण सिंह भदौरिया, हुंगाराम मरकाम, जिला कोषाध्यक्ष लीलाधर राठी व एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवाने ने कलेक्टर देवेश कुमार धु्रव को ज्ञापन सौंप कर उक्त कृत्य में संलिप्त कोंटा नगर पंचायत के उप अभियंता देवेंद्र कुमार पहाड़ी पर कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया था, जिसके बाद कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने 15 नवंबर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सुकमा नपा में संलग्न कर दिया।

कलेक्टर ने कृत्य को माना अशोभनीय

सुकमा कलेक्टर ने अपने आदेश में कोन्टा नंप के उप अभियंता के कृत्य को अशोभनीय करार देते हुए इसे डग सिविल सेवा आचरण अधिनियम 1965 के नियम 03 का उल्लंघन मानते हुए नगर पंचायत सीएमओ  के प्रतिवेदन पर सहमति जताते हुए उक्त बड़ी कार्रवाई की। वहीं कलेक्टर सुकमा की उक्त कार्रवाई के बाद भाजपाईयो ने मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसा कृत्य करने वालों को यह एक सबक के तौर पर लेना चाहिये।

निलंबन के बाद उप अभियंता की मुश्किलें बड़ी,कलेक्टर सुकमा की त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखातें हुए कोंटा के टीआई सोनल ग्वाला ने एफआईआर दर्ज करते हुए उप अभियंता के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 174 के तहत दर्ज कर लिया। ज्ञात हो कि कोंटा मंडल अध्यक्ष साई रेड्डी, जिला सह कोषाध्यक्ष सुभाष चतुर्वेदी व अन्य भाजपाईयों ने थाने में ज्ञापन दिया था।


अन्य पोस्ट