बस्तर

बस्तर ओलम्पिक: कबड्डी-दौड़ और खो-खो स्पर्धा की शुरुआत कर खिलाडिय़ों का बढ़ाया उत्साह
07-Nov-2024 4:18 PM
बस्तर ओलम्पिक: कबड्डी-दौड़ और खो-खो स्पर्धा की शुरुआत कर खिलाडिय़ों का बढ़ाया उत्साह

कमिश्नर और कलेक्टर ने वॉलीबॉल खेलकर  खिलाडिय़ों को किया प्रोत्साहित

छत्तीसगढ़ संवाददाता

जगदलपुर, 7 नवंबर। कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह और कलेक्टर हरिस एस ने बुधवार को बस्तर जिले के बकावंड विकासखण्ड मुख्यालय पहुंचकर हाईस्कूल मैदान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलम्पिक आयोजन की व्यवस्था का जायजा लिया। कमिश्नर और कलेक्टर ने विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता में बॉलीबॉल खेलकर खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया, वहीं बालिका 17 वर्ष आयु वर्ग के कबड्डी, 200 मीटर दौड़ और खो-खो स्पर्धा की शुरुआत कर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।

इस मौके पर कमिश्नर और कलेक्टर ने वॉलीबॉल खेलकर खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया। कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह और कलेक्टर हरिस एस ने बकावंड में ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलम्पिक के तहत करपावंड एवं करीतगांव जोन के मध्य विभिन्न विधाओं के स्पर्धाओं का अवलोकन किया।

इस दौरान बालिका वर्ग के कब्बड्डी स्पर्धा के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया और टॉस करवाकर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं 200 मीटर दौड़ तथा खो-खो स्पर्धा शुभारंभ कर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही बालक सीनियर वर्ग वॉलीबॉल मैच का अवलोकन कर युवा खिलाडिय़ों को बेहतर प्रदर्शन करने हेतु प्रोत्साहित किया।

इस दौरान कमिश्नर और कलेक्टर ने सेल्फी जोन में सेल्फी खिंचवाई। कमिश्नर और कलेक्टर ने विभिन्न स्पर्धाओं में विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें आगामी प्रतियोगिता में श्रेष्ठतम प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी।

कमिश्नर और कलेक्टर ने अपने प्रवास के दौरान बस्तर ओलम्पिक में शामिल होने आए खिलाडिय़ों के लिए विभिन्न व्यवस्था का जायजा लेते हुए खिलाडिय़ों को दोपहर का भोजन भी परोसा। वहीं खिलाडिय़ों को गुणवत्तापूर्ण नाश्ता एवं भोजन की सुलभता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इस मौके पर एसडीएम ऋषिकेश तिवारी, जिला खेल अधिकारी राजेन्द्र डेकाटे, तहसीलदार नीतिश वर्मा, सीईओ जनपद पंचायत श्री मण्डावी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट