बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 5 सितंबर। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए गए विवादित बयान से भाजपाइयों में आक्रोश है।
उभयनिधि स्टालिन के विवादित बयान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा व महिला मोर्चा के तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय गोल बाजार चौराहे में आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उभयनिधि स्टालिन, सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला फूंका और विरोध में जमकर नारेबाजी की,। बड़ी संख्या में एकत्र भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने करीब आधे घंटे तक पुतला दहन करके विरोध प्रदर्शन किया, वहाँ मौजूद पुलिस कर्मियों से भाजपा कार्यकर्ताओं की नोकझोंक भी होती रही।
भाजपा जिला अध्यक्ष रुपसिंह मण्डावी ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक बयान है, इस पर घमंडिया गठबंधन भी मुंह बंद किये बैठा है, विरोध स्वरूप भाजपा ने आज तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले विपक्षी गठबंधन के बड़े चेहरों का पुतला जलाया है।
पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने कहा कि देश को विभाजित करने व हिन्दुत्व का अपमान करने वाले बयान व ऐसे लोगों को बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि सनातन धर्म का अपमान करने वालों के विरुद्ध कड़ा प्रदर्शन किया गया है, विपक्षी घमंडिया गठबंधन का काला चेहरा देश के सामने आ गया है।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्षा सुधा मिश्रा ने कहा कि गंदी राजनीति व वोट के लिये सनातन धर्म के विरोध में विपक्षी गठबंधन बयानबाजी कर रहा है, देश की जनता इसका जवाब देगी।
पुतला दहन के दौरान भाजपा के विद्याशरण तिवारी, योगेंद्र पांडे, रामाश्रय सिंह, सुधीर पांडे, वेदप्रकाश पांडे, रजनीश पाणिग्रही, राजेन्द्र बाजपेयी, सुरेश गुप्ता, संजय पांडे, आलोक अवस्थी, संतोष त्रिपाठी, रूपेश जैन, राजपाल पटेल, निर्मल पानीग्रही, नरेन्द पानीग्रही, विक्रम सिंह यादव, दिनेश पाणिग्रही, अतुल कौशल, सुनील दास, लक्ष्मण झा, योगेश पाणिग्रही, सूरज मिश्रा, नीलेश्वरी भागवतकर, गायत्री कश्यप, सुधा गुप्ता आदि शामिल रहे।


