बस्तर

मंडी शुल्क बढ़ाना किसानों के साथ अन्याय- तरुणा
12-Dec-2021 4:41 PM
मंडी शुल्क बढ़ाना किसानों के साथ अन्याय- तरुणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 12 दिसंबर।
आम आदमी पार्टी बस्तर जिला अध्यक्ष तरुणा साबे बेदरकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा व्यापारियों पर प्रति 100 रू में 3 रू. मंडी शुल्क बढ़ाना नाजायज है, इससे कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर होता है।

आगे कहा कि जो कांग्रेस किसान आंदोलन में किसानों के साथ खड़े होने की बात करती थी और पूरे प्रदेश में मंडी शुल्क समाप्त करने की बात कहती थी, वह आज व्यापारियों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रूप से किसानों से मंडी शुल्क वसूल रही है। सबको पता है कोई भी व्यापारी टैैैैैक्स अपने घर से नहीं देता है, वह ग्राहकों से ही इसकी वसूली करता है, आज मंडी शुल्क 5 रू सैकड़ा हो जाने से 1 क्विटंल धान में 50 रू का मंडी शुल्क व्यापारियों को लग रहा है, लेकिन व्यापारी किसानों के उपज को 200 से 300 रू कम में खरीद कर रहा है,वह मौके का फायदा भी उठा रहा है। इस तरह किसान को कांग्रेस सरकार द्वारा व्यापारियों के माध्यम से लूटा जा रहा है,यह सरकार वास्तव में किसान विरोधी है।

तरुणा ने कहा कि पहले तो किसानों से बारदाने के नाम पर वसूली की गई, 40 रू के बारदाने को 18 रू में किसानों से लिया जा रहा है, जानबूझकर बारदाना के आपूर्ति को बाधित किया गया, सिर्फ कुछ व्यापारियों को फायदा पहुंचाने के लिए, आज किसान अनाप-शनाप रेट में बारदाना लेने को मजबूर है, इसके लिए प्रदेश के बघेल सरकार पूर्ण रूप से दोषी है।

उन्होंने कड़े शब्दों में यह चेतावनी देते हुए कहा कि, सरकार मंडी शुल्क को तत्काल वापस ले तथा किसानों को बारदाना  उपलब्ध कराएं, अन्यथा पार्टी किसानों से साथ मिलकर मंडियों में प्रर्दशन करने को बाध्य होंगी।
 


अन्य पोस्ट