बलरामपुर

देवगई में 20 हेक्टेयर वनभूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त
19-Nov-2026 8:18 PM
देवगई में 20 हेक्टेयर वनभूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 19 नवम्बर। जिले में वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए ग्राम देवगई में लगभग 20 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। वन विभाग की टीम ने भितियाही बीट के कक्ष क्रमांक पी 3408 में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाकर वनभूमि को सुरक्षित करने की कार्रवाई की।

19 नवंबर को वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों एवं वन सुरक्षा श्रमिकों की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमित वनभूमि को मुक्त कराया। इसके साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से अतिक्रमित क्षेत्र की सीमा रेखा पर सीपीटी (कंटूर ट्रेंच) की खुदाई भी कराई गई।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि वन भूमि पर अतिक्रमण करना नियमों के विरुद्ध है। इसलिए ग्रामीण वन क्षेत्र की सुरक्षा में सहयोग करें और वनभूमि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से दूर रहें।

वन विभाग द्वारा वनभूमि की सुरक्षा एवं अवैध अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।


अन्य पोस्ट