बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर/राजपुर, 20 नवंबर। जिले के वाड्रफनगर स्थित कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान में बिक्री की राशि में 7 लाख 59 हजार 720 रुपये का गबन कर फरार चल रहे दुकान के सुपरवाइजर को वाड्रफनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है, जिससे गबन की राशि और इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आबकारी उपनिरीक्षक वृत वाड्रफनगर अभिषेक कुमार राजवाड़े ने 3 जुलाई 2026 को चौकी वाड्रफनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ऑडिटर द्वारा 1 मई 2026 से 11 जून 2026 तक कम्पोजिट मदिरा दुकान वाड्रफनगर का भौतिक सत्यापन किया गया था। सत्यापन के बाद से ही दुकान का सुपरवाइजर लाल बिहारी यादव (26 वर्ष), पिता रामनाथ यादव, निवासी ग्राम कुण्डपान थाना बभनी (जिला सोनभद्र, उ.प्र.) निवासी ग्राम प्रेमनगर (थाना बसंतपुर), बिना किसी सूचना के दुकान से फरार हो गया था।
भौतिक सत्यापन और प्रतिदिन की बिक्री के मुकाबले बैंक में जमा की गई राशि का मिलान करने पर 7,59,720 रुपये कम जमा होना पाया गया। सुपरवाइजर के पद पर रहते हुए आरोपी प्रतिदिन की बिक्री और स्टॉक रजिस्टर का हिसाब रखता था तथा नकद राशि कैश कलेक्शन एजेंसी को सौंपता था, लेकिन उसने यह राशि बैंक में जमा न कर शासन के राजस्व को क्षति पहुंचाई।
शिकायत पर चौकी वाड्रफनगर (थाना बसंतपुर) में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 318(4) और 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। बिक्री पंजी और बैंक डिटेल्स की जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि हुई।
अपराध दर्ज होने के बाद से ही पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 19 नवंबर को आरोपी लाल बिहारी यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपी से बारीकी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस गबन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।