बलरामपुर

रक्षित आरक्षी केंद्र बलरामपुर का वार्षिक निरीक्षण
20-Nov-2026 8:41 PM
रक्षित आरक्षी केंद्र बलरामपुर का वार्षिक निरीक्षण

बलरामपुर/राजपुर, 20 नवंबर। पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने शुक्रवार को रक्षित आरक्षी केंद्र, बलरामपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुशासन, बेहतर वेशभूषा (टर्न-आउट) और परेड का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 अधिकारी-कर्मचारियों को उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कृत किया गया, वहीं अनुशासनहीनता बरतने वाले एक कर्मचारी को आचरण में सुधार लाने के लिए दंडित किया गया।

निरीक्षण की शुरुआत में परेड कमांडर एवं रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने एसपी को सलामी दी। इसके बाद एसपी ने परेड में शामिल पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा और परेड ड्रिल का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पुलिस बेड़े के शासकीय वाहनों का निरीक्षण करते हुए मीटर रीडिंग, लॉग बुक और ड्राइवर डायरी की जांच की, साथ ही सभी वाहनों में आवश्यक किट और जीवन रक्षक दवाइयां रखने के निर्देश दिए। वार्षिक निरीक्षण के क्रम में एसपी ने शस्त्रागार (आर्मरी) का निरीक्षण कर शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके अलावा अर्दली रूम (ओ.आर.) के माध्यम से अनुशासनहीनता और गैरहाजिरी से जुड़े 4 प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया।

दरबार लगाकर सुनी समस्याएं, आमजन से बेहतर व्यवहार की दी नसीहत

विभिन्न शाखाओं के निरीक्षण के पश्चात एसपी ने पुलिस दरबार का आयोजन किया। इसमें उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं व गुजारिशें सुनीं। उन्होंने ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करते हुए आम नागरिकों और फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार रखने के सख्त दिशा-निर्देश दिए।

इस वार्षिक निरीक्षण और कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद किस्पोट्टा, कमलेश्वर भगत, मो. याकूब मेमन, एसडीओपी एलेक्सियूस टोप्पो सहित मुख्यालय व नजदीकी थाना-चौकियों के प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक और कुल 190 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट