बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 22 नवंबर। रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार और शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। शासकीय लरंग साय अग्रणी महाविद्यालय, रामानुजगंज में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 2 करोड़ 91 लाख 22 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। दो दिन पूर्व टेंडर खुलने के बाद अब जल्द ही नवीन भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम की पहल और सतत प्रयासों का परिणाम है। शिक्षा के क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता देते हुए मंत्री श्री नेताम द्वारा किए गए प्रयासों से रामानुजगंज के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान को बड़ी उपलब्धि मिली है। नवीन भवन बनने से महाविद्यालय की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उल्लेखनीय है कि शासकीय लरंग साय अग्रणी महाविद्यालय वर्ष 1987 से रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के लगभग 1600 नियमित विद्यार्थी तथा 900 स्वाध्यायी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस प्रकार महाविद्यालय में कुल लगभग 2500 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
विद्यार्थियों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण अतिरिक्त भवन और कक्षों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नवीन भवन के निर्माण से कक्षाओं के संचालन में सुविधा होगी, बैठक व्यवस्था बेहतर होगी और विद्यार्थियों को व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। इससे महाविद्यालय में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय की जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद विकास कुमार गुप्ता ने श्री नेताम के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा की बेहतरी के लिए मंत्री श्री नेताम का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी है। यह केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और आने वाली पीढिय़ों के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नवीन भवन से महाविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
वहीं विधायक प्रतिनिधि अश्वनी गुप्ता ने भी मंत्री रामविचार नेताम के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में अतिरिक्त भवन की अत्यंत आवश्यकता थी। नवीन भवन बनने से कक्षाओं और बैठक व्यवस्था में सुधार होगा तथा विद्यार्थियों को सुचारु रूप से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय परिवार, जनभागीदारी प्रबंधन समिति, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने इस बड़ी सौगात के लिए मंत्री रामविचार नेताम का आभार जताया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मंत्री की पहल से रामानुजगंज में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है और शिक्षा के क्षेत्र में यह नवीन भवन क्षेत्र की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।