बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर/राजपुर, 20 नवंबर। जिले की बसंतपुर पुलिस ने दो महीने पहले लावारिस हालत में मिली इनोवा कार से बरामद 70 किलो से अधिक गांजा के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और कार में लगे फास्टैग की मदद से उत्तर प्रदेश के रहने वाले अंतरराज्यीय तस्कर को धर दबोचा, जिसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या था पूरा मामला
बीते 22 सितंबर 2026 को बसंतपुर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे एक इनोवा कार क्रमांक रू॥ 04 DY 9471 काफी समय से लावारिस हालत में खड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मैकेनिक की मदद से कार का लॉक खुलवाया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 18 पैकेट और एक हरी प्लास्टिक बोरी से 16 पैकेट (कुल 34 पैकेट) मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।
जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 70.390 किलोग्राम था, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 35 लाख 19 हजार 500 रुपये आंकी गई। पुलिस ने 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार को भी जप्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
फास्टैग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने जप्त इनोवा वाहन में लगे फास्टैग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर संदिग्ध की पहचान उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के जलालपुर माफी निवासी अशोक कुमार यादव (43 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी अशोक यादव ने बताया कि वह पहले मुंबई के पालघर में रहता था, लेकिन कोरोना काल में दुकान बंद होने के बाद अपने गांव मिर्जापुर लौट आया और ड्राइवरी करने लगा। उसने मुंबई से एक व्यक्ति से यह इनोवा कार खरीदी थी, लेकिन अपने नाम पर ट्रांसफर नहीं कराया था।
आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ से कार में गांजा लोड कर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। 22 सितंबर को वाड्रफनगर के पास सडक़ पर एक ट्रक के पेड़ से टकराने के कारण आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे उसकी इनोवा कार पीछे से टकरा गई।