बलरामपुर

कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं, राइस मिल सील
19-Nov-2026 8:19 PM
कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं, राइस मिल सील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 19 नवम्बर। बलरामपुर जिले के राजपुर स्थित सर्वमंगला राइस मिल द्वारा कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया है।

जांच में पाया गया कि मिल संचालक द्वारा निर्धारित कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किया गया था। वहीं सूचना दिए जाने के बाद भी मिल बंद रखी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक एवं मंडी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्वमंगला राइस मिल को सील कर दिया।

जिला प्रशासन ने जिले की सभी राइस मिलों को शेष चावल 10 दिनों के भीतर नागरिक आपूर्ति निगम में जमा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि भौतिक सत्यापन के दौरान जिन मिलों में धान का स्टॉक कम पाया जाएगा अथवा जो निर्धारित समय-सीमा में चावल जमा नहीं करेंगी, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाली राइस मिलों पर छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के तहत कार्रवाई की जाएगी। ऐसी मिलों को ब्लैकलिस्ट करने के साथ उनकी बैंक गारंटी भी राजसात की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी मिल संचालकों को निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में चावल जमा करने और कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी है।


अन्य पोस्ट