बलरामपुर

बलंगी-तुगवां अंतरराज्यीय बैरियर और धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण
18-Nov-2026 8:20 PM
बलंगी-तुगवां अंतरराज्यीय बैरियर और धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण

 अवैध धान परिवहन रोकने चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 18 नवंबर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बलंगी-तुगवां अंतरराज्यीय बैरियर एवं बलंगी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण रखने और चेकपोस्ट पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अंतरराज्यीय बैरियर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि दूसरे राज्यों से होने वाले अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरतें। चेकपोस्ट से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए, ताकि बाहरी राज्यों का धान किसी भी स्थिति में जिले के धान उपार्जन केंद्रों तक नहीं पहुंच सके।

इसके पश्चात कलेक्टर ने बलंगी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने धान की गुणवत्ता परीक्षण के लिए शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की प्रत्येक प्रक्रिया पारदर्शी एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप होनी चाहिए।

कलेक्टर ने कहा कि वास्तविक किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता बनाए रखना और अवैध धान की आवक पर प्रभावी नियंत्रण करना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम तुलसीदास मरकाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मो. निजामुद्दीन, तहसीलदार अश्वनी चन्द्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट