बलरामपुर

कल गोपाष्टमी, गौ पूजन के साथ महाआरती और भंडारा
16-Nov-2026 8:29 PM
कल गोपाष्टमी, गौ पूजन के साथ महाआरती और भंडारा

राजपुर,16 नवंबर। क्षेत्र के ग्राम बासेन स्थित सुरभि गौधाम परिसर में मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रक्षा गौधाम फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह को लेकर सोमवार को दिनभर तैयारियां चलती रहीं। गौ सेवकों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने परिसर की सजावट से लेकर अतिथियों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।

गोपाष्टमी महोत्सव को लेकर पूरे गौधाम परिसर को फूल-मालाओं, तोरण द्वार और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। मुख्य मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल, अतिथि दीर्घा और भंडारा स्थल तैयार कर लिए गए हैं। गौशाला की साफ-सफाई के साथ गौवंश के पूजन, चारा और पानी की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान गौधाम परिसर में नवनिर्मित गौ-शेड का उद्घाटन भी किया जाएगा। इससे निराश्रित गौवंश को धूप, बारिश और ठंड से सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

दोपहर 12 बजे से शुरू होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन एवं लोकगीतों की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे।

दोपहर 3 बजे अतिथियों का आगमन होगा। 3:20 बजे नवनिर्मित गौ-शेड का उद्घाटन और 3:30 बजे अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। शाम 5 बजे विधि-विधान से गौ पूजन, गौ सेवा एवं महाआरती होगी। इसके बाद शाम 6 बजे भव्य भंडारा और प्रसाद वितरण किया जाएगा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोपाष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने के लिए वन में जाना प्रारंभ किया था। इसी मान्यता के अनुरूप इस पर्व पर गौ पूजन और गौ सेवा का विशेष महत्व माना जाता है।

आयोजकों ने बताया कि वर्तमान में सुरभि गौधाम में बड़ी संख्या में निराश्रित एवं बीमार गौवंश की देखभाल और सेवा की जा रही है। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज में गौ सेवा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

आयोजन को लेकर ग्राम बासेन सहित पूरे राजपुर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। रक्षा गौधाम फाउंडेशन ने श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर गौ पूजन करने तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट