बलरामपुर
एसडीएम सहित अफसरों ने भी सूर्य को दिया अर्घ्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,16 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन अवसर पर रामानुजगंज में श्रद्धा, सामाजिक समरसता और कर्तव्यनिष्ठा का अनूठा संगम देखने को मिला। चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रतियों ने उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान छठ घाट पर प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक सहभागिता ने सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
इस अवसर पर रामानुजगंज थाना प्रभारी जीतेंद्र सोनी ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। खास बात यह रही कि पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद वे अपनी वर्दी का फर्ज निभाने तत्काल ड्यूटी पर लौट गए। थाना प्रभारी के साथ एसडीएम आनंद राम नेताम, सीएमओ सुधीर कुमार, पटवारी विनय पांडे और प्रधान पाठक लक्ष्मी सोनी ने भी छठ घाट पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। सभी ने लोक आस्था के इस महापर्व में सहभागिता निभाते हुए क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।
आस्था के साथ जिम्मेदारी का भी दिया संदेश
छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देता है। रामानुजगंज में अधिकारियों की सामूहिक सहभागिता और थाना प्रभारी जीतेंद्र सोनी की कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता ने पर्व के इन मूल्यों को सार्थक किया। छठी मैया की आराधना के बाद अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए लौटते थाना प्रभारी की तस्वीर ने श्रद्धा और कर्तव्य के बीच सुंदर संतुलन की मिसाल पेश की।