बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,11 नवंबर। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर छठ व्रतधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साहू समाज युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता अंकित गुप्ता तथा उनकी धर्मपत्नी प्रियंका गुप्ता द्वारा सराहनीय पहल करते हुए आम की लकड़ी का नि:शुल्क वितरण किया गया।
यहां के गांधी मैदान में पूर्व से घोषित छठ व्रतधारियों के लिए नि:शुल्क आम लकड़ी वितरण हेतु आयोजित कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्र से पहुंचे छठ व्रतधारियों को छठ पूजा के दौरान प्रसाद तैयार करने के लिए आवश्यक आम की लकड़ी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी के साथ भगवान सूर्यदेव के चित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजन-अर्चन करते हुए किया। ततपश्चात उपस्थित लोगों के बीच आम की लकड़ी का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस दौरान छठ व्रतधारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व में शुद्धता एवं पवित्रता का विशेष महत्व होता है। व्रतधारी पारंपरिक रूप से आम की लकड़ी का उपयोग कर भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया को अर्पित किए जाने वाले प्रसाद को तैयार करते हैं। ऐसे में आम की लकड़ी की व्यवस्था करना छठ पूजा की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। इसी आवश्यकता को देखते हुए इन्होंने व्रतधारियों को नि:शुल्क आम की लकड़ी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।
इनके इस पहल से छठ व्रतधारियों को काफी सहूलियत मिली। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इस सामाजिक प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे जनसेवा एवं धार्मिक आस्था से जुड़ी सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में मीरा गुप्ता, विकास दुबे, मनोज तिवारी, पवन पांडे, विनय पांडेय, पार्षद पवन गुप्ता, पार्षद सुमित गुप्ता, विष्णु पांडेय, उज्ज्वल तिवारी, विकास गुप्ता, अमित गुप्ता, प्रकाश मालाकार, सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकगण उपस्थित रहे।