बलरामपुर
कुडपान की सरपंच के पति के निधन पर शोकाकुल परिवार से मिले मंत्री, बंधाया ढांढस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 10 नवंबर। जनता के सुख-दु:ख में सहभागी बनना और विपरीत परिस्थितियों में पीडि़त परिवारों के बीच पहुंचकर उनका संबल बनना ही एक जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान है। इसी मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मंत्री रामविचार नेताम ग्राम पंचायत कुडपान की सरपंच रीना श्यामले के पति देवधारी सिंह श्यामले के निधन की सूचना मिलने पर उनके निवास पहुंचे।
इस दौरान मंत्री नेताम ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य एवं हिम्मत बनाए रखने का संबल दिया। उन्होंने दिवंगत के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दु:ख की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं।
मंत्री ने मां महामाया से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंत्री रामविचार नेताम का इस तरह पीडि़त परिवार के बीच पहुंचना उनके जनसरोकार और मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाता है। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल विकास कार्यों और प्रशासनिक दायित्वों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता के सुख-दु:ख में सहभागी बनना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है।