बलरामपुर

मिठाई दुकानों की जांच, 11 नमूने लिए
07-Nov-2026 6:46 PM
मिठाई दुकानों की जांच, 11 नमूने लिए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 7 नवम्बर। दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलेभर में जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग द्वारा जिले के सभी छह विकासखंडों में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। अब तक कुल 22 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर विभिन्न मिठाइयों के 11 नमूने एकत्रित किए गए हैं। इनमें बालूशाही, रसगुल्ला, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, जलेबी, खोवा, कलाकंद, चमचम और गुलाबजामुन शामिल हैं। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजा गया है।

खाद्य विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना अमानक या मिलावटी पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा विनियमों के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने लोगों से केवल साफ-सुथरे एवं विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने तथा संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थों की जानकारी संबंधित विभाग को देने की अपील की है।

उन्होंने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को भी खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट