बलरामपुर

वंदे मातरम् नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति ने बांधा समां
06-Nov-2026 11:04 PM
वंदे मातरम् नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति ने बांधा समां

संकीर्तन मंडलियों को बांटे वाद्य यंत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 6 नवंबर। संस्कार भारती जिला इकाई रामानुजगंज के तत्वावधान में देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को समर्पित एक सांस्कृतिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग ढाई हजार लोगों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संपूर्ण वंदे मातरम् पर आधारित भव्य नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित दर्शकों को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम में संकीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्रों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि तथा ज्ञान यज्ञ परिवार के बजरंग मुनि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान संस्कार भारती के प्रांतीय अध्यक्ष रिखी क्षत्रिय, प्रांतीय महामंत्री हेमंत मौलिक और जिला महामंत्री पवन पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान लोक रागिनी भिलाई के 45 सदस्यीय दल द्वारा संपूर्ण वंदे मातरम् पर भव्य नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई। इसके अलावा राधा-कृष्ण कीर्तन मंडली की बालिकाओं द्वारा संस्कार भारती के ध्येय गीत पर प्रस्तुति दी गई।

राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर और संस्कार भारती के माध्यम से जिले की 24 संकीर्तन मंडलियों को 60 वाद्य यंत्र (तबला, हारमोनियम, बैंजो, ढोलक और बांसुरी) प्रदान किए गए, ताकि ग्रामीण अंचलों की पारंपरिक सांस्कृतिक धरोहर को प्रोत्साहित किया जा सके।

संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री हेमंत मौलिक ने इस अवसर पर बताया कि संस्कार भारती छत्तीसगढ़ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल रमेन डेका से लोक भवन में सौजन्य भेंट की थी।

इस दौरान राज्यपाल ने संस्कार भारती के विभिन्न जिलों में संचालित सांस्कृतिक गतिविधियों, कला संस्थाओं और लोक कलाकारों के कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की थी।

चर्चा के दौरान बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में संस्कार भारती द्वारा संकीर्तन मंडलियों का सर्वेक्षण किए जाने तथा इन मंडलियों के माध्यम से पुरातन सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित एवं संवर्धित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी राज्यपाल को दी गई। उन्हें बताया गया कि दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में आज भी अनेक संकीर्तन दल पीढ़ी दर पीढ़ी अपनी परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं और नई पीढ़ी को भी भारतीय लोक संस्कृति एवं भक्ति परंपरा से जोड़ रहे हैं।

इस पर राज्यपाल श्री डेका ने विशेष रुचि दिखाते हुए कहा कि ऐसे कलाकारों एवं संकीर्तन दलों के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए सार्थक पहल की जानी चाहिए, जो अपनी सांस्कृतिक विरासत को न केवल संजोकर रख रहे हैं, बल्कि अगली पीढ़ी तक भी पहुंचा रहे हैं। उन्होंने अपनी ओर से तबला, हारमोनियम, बैंजो, ढोलक एवं बांसुरी जैसे वाद्य यंत्रों के 10 सेट तत्काल उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी थी। इसके पश्चात लोक भवन में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में राज्यपाल ने संस्कार भारती छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के महामंत्री पवन कुमार पाण्डेय को उक्त वाद्य यंत्र भेंट किए। साथ ही भविष्य में जिले की सभी संकीर्तन मंडलियों की वाद्य यंत्र संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी आश्वासन दिया।


अन्य पोस्ट