बलरामपुर

बालक उमावि के नए भवन की मांग पूरी, विधायक उद्देश्वरी का जताया आभार
05-Nov-2026 8:58 PM
बालक उमावि के नए भवन की मांग पूरी, विधायक उद्देश्वरी का जताया आभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर/शंकरगढ़, 5 नवंबर। सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा के प्रयासों से शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़ के नए भवन की स्वीकृति मिल गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से नए भवन की घोषणा किए जाने के बाद विद्यालय परिवार और छात्रों द्वारा विधायक का स्वागत कर आभार व्यक्त किया गया।

ज्ञात हो कि वर्ष 1983 में स्थापित इस विद्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे बारिश के दिनों में कक्षाएं प्रभावित होती थीं और स्कूल दो पालियों में संचालित करना पड़ रहा था। 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री द्वारा नए भवन निर्माण की घोषणा की गई।

 भ्रमण पर निकलीं विधायक उद्देश्वरी पैकरा का विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार एक्का, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

दौरे से वापसी के दौरान बचवार पेट्रोल पंप के पास विधायक ने प्रतियोगी परीक्षाओं (नवोदय, सैनिक स्कूल, प्रयास आदि) की तैयारी कर लौट रहे स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित घर भेजने के लिए बस रुकवाई और चालक-परिचालक को बच्चों को गंतव्य तक सुरक्षित पहुँचाने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट