बलरामपुर
2 हजारविकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 27 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 28 अक्टूबर को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखंड शंकरगढ़ अंतर्गत ग्राम चिरई, जशवंतपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पूर्व केंद्रीय मंत्री काका लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान वे जिलेवासियों को 202 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत के कुल 2009 विकास कार्यों की सौगात देंगे।
इनमें 156 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत के 1863 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 45 करोड़ 97 लाख रुपये के 146 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत 71 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तीन सडक़ों और कुसमी विकासखंड में 26 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पांच पुलों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में 4 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से स्थापित सीटी स्कैन मशीन तथा वीबी-जी राम जी योजना के तहत 1854 कार्य भी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे।
वहीं, लोकार्पण होने वाले कार्यों में 15 एकल ग्राम नल-जल योजनाएं, मनरेगा के तहत निर्मित 97 चेकडैम तथा छात्रावास, उप स्वास्थ्य केंद्र और महतारी सदन जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को जिले में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में मंत्रीगण, सांसद, विधायक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।