बलरामपुर

कलेक्टर बनीं शिक्षिका, विद्यार्थियों को टॉपर बनने और डॉक्टर, इंजीनियर व आईएएस बनने के लिए किया प्रेरित
13-Oct-2026 10:19 PM
कलेक्टर बनीं शिक्षिका, विद्यार्थियों को टॉपर बनने और डॉक्टर, इंजीनियर व आईएएस बनने के लिए किया प्रेरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 13 अक्टूबर। शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर जानने के लिए कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया, बल्कि शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए उन्हें रोचक तरीके से पढ़ाया भी। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर आम का वैज्ञानिक नाम ‘मैंगिफेरा इंडिका’ लिखकर विद्यार्थियों से सवाल किया, वहीं ग्लोब के माध्यम से विभिन्न देशों की भौगोलिक स्थिति भी समझाई।

ब्लैकबोर्ड पर लिखा आम का वैज्ञानिक नाम

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं वाणिज्य, 11वीं कला और 11वीं जीवविज्ञान की कक्षाओं में पहुंचीं। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछकर उनकी तैयारी और पढ़ाई की प्रगति को परखा।

कक्षा 11वीं जीवविज्ञान में कलेक्टर ने हाथ में चॉक लेकर ब्लैकबोर्ड पर ‘मैंगिफेरा इंडिका’ लिखा और विद्यार्थियों से पूछा कि यह किस फल का वानस्पतिक नाम है।

विद्यार्थियों ने तत्परता से जवाब देते हुए बताया कि यह आम का वैज्ञानिक नाम है। विद्यार्थियों के सही उत्तर पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है।

इसी तरह कक्षा 11वीं कला में उन्होंने ग्लोब के माध्यम से विभिन्न देशों की भौगोलिक स्थिति को समझाया। इस व्यावहारिक तरीके से विद्यार्थियों ने भूगोल के विषय को रुचि के साथ समझा।

टॉपर बनें, डॉक्टर-इंजीनियर और आईएएस बनने का लक्ष्य रखें

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करें। नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन और पाठ्यक्रम के पैटर्न के अनुसार तैयारी पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को टॉपर बनने के साथ डॉक्टर, इंजीनियर और आईएएस अधिकारी बनकर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए दिए निर्देश

विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कलेक्टर ने प्राचार्य को सभी कक्षाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गृहकार्य के साथ विद्यार्थियों को प्रतिदिन कक्षा में अभ्यास कार्य भी कराया जाए। पढ़ाए जा चुके पाठ्यक्रम का नियमित पुनरावलोकन हो तथा बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों से पुराने प्रश्नपत्र हल करवाए जाएं, ताकि वे परीक्षा के पैटर्न और प्रश्नों के स्वरूप से भली-भांति परिचित हो सकें।

कलेक्टर ने विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रायोगिक कार्य कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों से ऐसी प्रभावी शिक्षण पद्धतियां अपनाने का आग्रह किया, जिससे विद्यार्थी कठिन विषयों को भी सरलता और रुचि के साथ समझ सकें।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत ही बेहतर परीक्षा परिणाम की नींव है। विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित अभ्यास, सतत मूल्यांकन और प्रभावी शिक्षण व्यवस्था आवश्यक है।


अन्य पोस्ट