बलरामपुर
गांव पहुंची अफसरों की टीम, जांच शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,12 अक्टूबर। जिला मुख्यालय से मात्र 10 किमी दूर स्थित ग्राम डुमरखोरका में चावल की 87 बोरियों में नाले का गंदा पानी डालने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनपद सदस्य समीर सिंह देव ने जनपद पंचायत के सीईओ एवं एसडीएम को इसकी सूचना दी। अधिकारियों के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम गांव पहुंची और मामले की जांच की। जांच के दौरान चावल की बोरियों में गंदा पानी डाले जाने की पुष्टि हुई है।
घटना बीती रात की है। ग्रामीणों ने कथित तौर पर चावल की बोरियों में नाले का गंदा पानी डालते हुए देखा था। इसके बाद उन्होंने जनपद सदस्य समीर सिंह देव को इसकी जानकारी दी। समीर सिंह देव ने तत्काल जनपद पंचायत के सीईओ एवं एसडीएम को मामले से अवगत कराया। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर खाद्य विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और मौके पर जांच की।
वजन बढ़ाने के लिए पानी डालने की आशंका
जनपद पंचायत के सीईओ दीप राजकांत ने बताया कि वे अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान 87 बोरियों में नाले का गंदा पानी डाले जाने की पुष्टि हुई है। आशंका जताई जा रही है कि चावल का वजन बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसा किया गया होगा।
मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जा रही है।
वहीं, जनपद सदस्य समीर सिंह देव ने बताया कि ग्रामीणों ने चावल की बोरियों में गंदा पानी डालते हुए देखा था। ग्रामीणों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच की गई।
जनपद सदस्य समीर सिंह देव ने कहा कि यह लोगों के जान के साथ खिलवाड़ है दोषियों की विरुद्ध प्राथमिक दर्ज होनी चाहिए।
फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।