बलरामपुर
राजपुर, 8 अक्टूबर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर 8 अक्टूबर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर द्वारा लोकतंत्र के लिए ‘काला दिवस’ मनाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने, चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता बनाए रखने तथा विपक्षी सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इस दौरान जिला महामंत्री दोमनिक एक्का, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष लालसाय मिंज, मनोज अग्रवाल, सुनील भगत, विद्यानंद दुबे, रवि सोनी, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गुप्ता, कौशल चौबे, पंकज ठाकुर, तेजप्रताप सिंह, विकास यादव, मुन्ना गुप्ता, बाबा भारती, प्रयाग यादव, तुलेश्वर यादव, रामनाथ रवि, पार्षद विश्वास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित इंडिया गठबंधन के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान उन्हें रोके जाने तथा उनके साथ बलपूर्वक व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में निर्वाचन आयोग से संबंधित शिकायतों पर निष्पक्षता से विचार कर उचित कार्रवाई करने की मांग भी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी।