बलरामपुर

जनहित सर्वोपरि, गुणवत्ता से समझौता नहीं-साव
08-Oct-2026 9:17 PM
जनहित सर्वोपरि, गुणवत्ता से समझौता नहीं-साव

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 8 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  अरुण साव ने गुरुवार को रामानुजगंज के बटालियन कैंप में अपने विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में कृषि मंत्री  रामविचार नेताम और सरगुजा सांसद  चिंतामणि महाराज भी उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं और विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि बलरामपुर छत्तीसगढ़ का अंतिम छोर नहीं, बल्कि प्रदेश का प्रमुख जिला है। आपसी समन्वय के साथ जिले को हर क्षेत्र में आगे ले जाना लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों से सहयोगी टीम के साथ समन्वय बनाकर युद्धस्तर पर कार्य करने और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान जिले की सडक़ों की वर्तमान स्थिति पर बिंदुवार चर्चा की गई। श्री साव ने कहा कि सडक़ें आमजन की रोजमर्रा की जरूरतों से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इनके निर्माण और रखरखाव में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

वर्तमान में जिले में 339.98 किलोमीटर लंबाई की 25 सडक़ें, 19 भवन तथा 114 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 22 पुल-पुलिया निर्माणाधीन हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 के उन्नयन कार्य में पैकेज-1 का लगभग 30 प्रतिशत और पैकेज-3 का 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

हर घर तक नल और योजनाओं के बेहतर संचालन पर जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने पंचायतों को हस्तांतरित नल-जल योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन घरों तक पेयजल पहुंच चुका है, वहां ग्रामीणों को योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव में सहभागी बनाया जाए। उन्होंने सभी सरपंचों की कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि बेहतर संचालन करने वाली पंचायतों के अनुभवों से अन्य पंचायतें भी सीख सकें।

जिले में 1 लाख 47 हजार से अधिक घरों में नल कनेक्शन पहुंच चुके हैं, जिससे लगभग 4 लाख की आबादी लाभान्वित हो रही है। जिले में स्वीकृत 2,124 योजनाओं में से 1,059 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 81 ग्राम हर घर जल प्रमाणित हैं।

शहरी आवास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के शेष आवासों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री  रामविचार नेताम ने कहा कि सडक़ एवं अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ भौतिक सत्यापन भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ें गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ बनें। साथ ही संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर बीटी पैच एवं मरम्मत कार्य तत्परता से पूर्ण कराए जाएं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।


अन्य पोस्ट