बलरामपुर

55 फीसदी दिव्यांगता के बावजूद 16 हजार किमी साइकिल यात्रा
03-Oct-2026 8:45 PM
55 फीसदी दिव्यांगता के बावजूद 16 हजार किमी साइकिल यात्रा

पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक सद्भाव का

संदेश लेकर निकले वासु राइडर का बलरामपुर में सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर/राजपुर, 3 अक्टूबर। पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर देशव्यापी साइकिल यात्रा पर निकले उत्तरप्रदेश के आगरा निवासी वासु राइडर का बलरामपुर आगमन पर प्रशासन की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने संयुक्त रूप से उन्हें प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किया। अधिकारियों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वासु राइडर हाथ और पैर से 55 प्रतिशत दिव्यांग हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी शारीरिक सीमाओं को हौसले के आगे बाधा नहीं बनने दिया। उन्होंने 2 जून 2025 को हाथों में तिरंगा लेकर साइकिल यात्रा की शुरुआत की थी। अब तक वे करीब 16 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं।

सात राज्यों और नेपाल तक पहुंचा संदेश

‘स्टॉप पॉल्यूशन, सेव अर्थ’ के संदेश के साथ शुरू की गई उनकी यात्रा उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के अलावा राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और पड़ोसी देश नेपाल तक पहुंच चुकी है। यात्रा के दौरान वासु विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

वे युवाओं से छोटी दूरी के आवागमन के लिए वाहन के बजाय साइकिल या पैदल चलने, पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील कर रहे हैं।

अटूट इच्छाशक्ति की मिसाल

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वासु के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनका साहस और समर्पण यह संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने शारीरिक सीमाएं बाधा नहीं बन सकतीं। पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के लिए उनका प्रयास समाज, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। वासु राइडर ने बताया कि उनकी देशव्यापी साइकिल यात्रा निर्धारित लक्ष्य के साथ वर्ष 2028 में पूरी होने की संभावना है। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट