बलरामपुर
बलरामपुर, 3 अक्टूबर। सेवा सेतु शिविर के उपरांत कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अमले के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बैगापारा पहुंचीं। यहां बच्चों के लिए आयोजित कार्यक्रम में स्नेह और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर ने बच्चों को अपने हाथों से रंग-बिरंगे खिलौने भेंट किए। खिलौने पाकर नन्हे-मुन्नों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की किलकारियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद बिरजिनिया केरकेट्टा, रीना मसीह, लक्ष्मी गुप्ता, एल्डरमैन गोपालकृष्ण मिश्रा एवं मनोज गुप्ता, सीएमओ दीपक एक्का सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि खेल-खेल में सीखना बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। खिलौनों के माध्यम से बच्चों में मनोरंजन के साथ रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों से आत्मीय संवाद कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण को लेकर जागरूक किया। उन्होंने दो गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज से गोदभराई कराई और उन्हें सुपोषण किट प्रदान की। वहीं छह माह की आयु पूर्ण कर चुके दो बच्चों को अपने हाथों से खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया।
कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के साथ समय पर स्वास्थ्य जांच मां और शिशु दोनों के स्वस्थ भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने माताओं से बच्चों के छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद ऊपरी आहार शुरू करने तथा बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया। इस दौरान सुपोषण चौपाल के माध्यम से महिलाओं एवं अभिभावकों को मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने का स्थान नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त पीढ़ी के निर्माण की पहली पाठशाला हैं। इसलिए प्रत्येक बच्चे और मां की देखभाल पूरी संवेदनशीलता के साथ की जाए।