बलरामपुर

250 बुजुर्गों का सम्मान
01-Oct-2026 9:13 PM
 250 बुजुर्गों का सम्मान

बलरामपुर, 1 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत कार्यालय बलरामपुर के सभाकक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के लगभग 250 वृद्धजनों को श्रीफल एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया। सम्मान पाकर वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष की झलक दिखाई दी।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने वृद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की ऐसी जड़ें हैं, जिनके त्याग, अनुभव और संस्कार से आने वाली पीढिय़ां मजबूत होती हैं। उनका सम्मान करना, उनकी सेवा करना और उनके अनुभवों का लाभ लेना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के आशीर्वाद से जिला निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रशासन वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में जिले में वृद्धजन केंद्रित विशेष क्लिनिक शुरू किया जाएगा। यहां पंजीयन से लेकर उपचार तक की स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि बुजुर्गों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।

उन्होंने वृद्धजनों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।

खेल गतिविधियों में दिखा उत्साह

समारोह में आयोजित विभिन्न खेल गतिविधियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। वृद्धजनों ने रिंग टॉस, बॉल फेंक, बैलून गेम और रिंग कैच जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खेल के दौरान बुजुर्गों के बीच हंसी-ठिठोली और ठहाकों से पूरा वातावरण खुशनुमा हो गया। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने अपने बचपन की यादों को भी ताजा किया। इस अवसर पर वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।


अन्य पोस्ट