बलरामपुर
नवंबर में दुर्ग में प्रस्तावित सम्मेलन में देशभर से पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता व बुद्धिजीवी होंगे शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 29 सितंबर। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा को लेकर महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सम्मेलन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने बताया कि नवंबर माह में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राष्ट्रीय सम्मेलन प्रस्तावित है। इसमें बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से महासभा के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन एवं बुद्धिजीवी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज की सामाजिक, शैक्षणिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करना है। सम्मेलन में समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए महासभा के पदाधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
शिक्षा मंत्री से मुलाकात के दौरान महासभा के राष्ट्रीय सचिव डीआर यादव, प्रदेश अध्यक्ष भुनेश्वर यादव, प्रदेश सचिव परमेश्वर यादव, दुर्ग जिला अध्यक्ष बोधन राम यादव, प्रीतम यादव, उमेश यादव, अजय यादव एवं गिरीश यादव सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।