बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 29 सितंबर। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मंगलवार को बलरामपुर स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय का निरीक्षण कर महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए नियमितता, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि महाविद्यालय में छात्राओं की नियमित और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सहायक प्राध्यापकों को समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश दिए।
वहीं प्राचार्य को विषयवार कक्षाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और शिक्षण व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने कहा।
महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए परिसर एवं कक्षाओं की स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं के लिए पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने को कहा।
कलेक्टर ने छात्रवृत्ति से संबंधित फॉर्म सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर भरवाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की प्रबंधन व्यवस्था व्यवस्थित और शिक्षण कार्य समयबद्ध होना चाहिए।
बेहतर शैक्षणिक वातावरण से छात्राओं को परीक्षा में अच्छे परिणाम प्राप्त करने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकार आशुतोष चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।