बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 29 सितंबर। तहसील कार्यालय से गांधी चौक तक बदहाल और खुदी पड़ी सडक़ की मरम्मत नहीं होने से नाराज तहसील अधिवक्ता संघ राजपुर ने प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) राजपुर को ज्ञापन सौंपकर सडक़ निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर 30 सितंबर को दोपहर 2 बजे व्यवहार न्यायालय के सामने चक्काजाम आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
अधिवक्ता संघ के अनुसार, तहसील कार्यालय से गांधी चौक तक सडक़ निर्माण के नाम पर ठेकेदार द्वारा मार्ग को खोदकर छोड़ दिया गया है। सडक़ की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। संघ की ओर से इससे पहले भी 9 सितंबर को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सडक़ निर्माण की मांग की गई थी, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी सडक़ पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और व्यवहार न्यायालय स्थित हैं। सडक़ पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और उड़ती धूल के कारण मरीजों, आम नागरिकों, अधिवक्ताओं तथा न्यायालय में आने वाले पक्षकारों को आवागमन में परेशानी हो रही है। तहसील कार्यालय से न्यायालय तक आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
अधिवक्ता संघ ने व्यवहार न्यायालय से तहसील कार्यालय तक के लगभग 200 मीटर से कम हिस्से का निर्माण तत्काल शुरू कर पूरा कराने की मांग की है। साथ ही गांधी चौक अथवा पानी टंकी तक के शेष मार्ग का निर्माण भी बिना देरी कराने की मांग रखी गई है।
संघ के अध्यक्ष जय गोपाल अग्रवाल एवं सचिव सुनील सिंह ने कहा कि सडक़ की समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण संघ को आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट बलरामपुर तथा थाना प्रभारी राजपुर को भी आवश्यक कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था के लिए भेजी गई है।