बलरामपुर
बलरामपुर, 29 सितंबर। जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी की अध्यक्षता में मंगलवार को विकसित ग्राम पंचायत प्लान को लेकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आगामी 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्राम पंचायतों के लिए बेहतर, व्यावहारिक और ग्रामीण जरूरतों पर आधारित कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को युक्तधारा पोर्टल तथा सहभागी ग्रामीण समीक्षा (पीआरए) गतिविधियों के माध्यम से ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं की पहचान कर विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। इसके तहत ग्राम स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, आवश्यकताओं और संभावित विकास कार्यों का आकलन कर प्रभावी ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की जानकारी दी गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायतों के सीईओ, कार्यक्रम अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों के साथ विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने लेबर टर्नआउट, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम निर्माण सहित प्रत्येक ग्राम पंचायत में उपलब्ध एवं प्रस्तावित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उनकी प्राथमिक आवश्यकताओं के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ग्राम पंचायतों में बनने वाली परिसंपत्तियां केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि ग्रामीणों के लिए उपयोगी और लंबे समय तक टिकाऊ हों।
कार्यशाला में संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को ग्राम सभाओं के दौरान प्रभावी ढंग से कार्ययोजना तैयार करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।