बलरामपुर

आपत्तिजनक गाने के खिलाफ नाई सेन समाज ने पुलिस से की शिकायत
28-Sep-2026 9:13 PM
आपत्तिजनक गाने के खिलाफ नाई सेन समाज ने पुलिस से की शिकायत

गायक, गीतकार समेत पूरी टीम पर एफआईआर की मांग, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज,28 सितंबर। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक कथित आपत्तिजनक गाने को लेकर सर्व नाई सेन समाज, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज ने पुलिस से शिकायत की है। समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक के नाम थाना रामानुजगंज में लिखित शिकायत सौंपकर गाने से जुड़े गायक, गीतकार, संगीतकार, वीडियो निर्देशक और डिजिटल टीम के सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि फेसबुक और यूट्यूब पर प्रसारित उक्त वीडियो में सेन-नाई समाज के प्रति कथित रूप से जातिसूचक, अपमानजनक और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। समाज के लोगों का कहना है कि इस तरह की सामग्री से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।

समाज ने पुलिस से विवादित वीडियो की जांच कर उससे जुड़े सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की है। साथ ही साइबर सेल के माध्यम से वीडियो के प्रसार पर रोक लगाने और संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटवाने की मांग भी की गई है। शिकायत के साथ वीडियो का लिंक और स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए हैं।

समाज की ओर से प्रशासन को 48 से 72 घंटे के भीतर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया है। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर धरना, आंदोलन और चक्काजाम जैसे कदम उठाने की चेतावनी दी गई है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, पुलिस महानिदेशक, साइबर सेल और छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।

शिकायत पर पुष्पा दशरथ ठाकुर, पार्षद वार्ड क्रमांक 13 नगर पालिका परिषद रामानुजगंज, राजेंद्र श्रीवास, आशीष ठाकुर सहित समाज के सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा सत्येंद्र ठाकुर, अजीत ठाकुर, अशोक ठाकुर, रविंद्र ठाकुर, कलिंद्र ठाकुर, मनी ठाकुर, सुभाष ठाकुर, निरंजन ठाकुर, सुभम ठाकुर, आकाश ठाकुर, रंजीत कुमार ठाकुर, विनोद ठाकुर, कवि ठाकुर, बसंत ठाकुर, सतीश ठाकुर और बलवंत ठाकुर सहित अन्य लोग भी शिकायत में शामिल रहे।


अन्य पोस्ट