बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज,28 सितंबर। चौकी रनहत पुलिस ने गाय की हत्या कर उसका मांस खाने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम चंदौरा निवासी सुदन हड्डे ने चौकी रनहत में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर को उसकी लाल रंग की गाय चरते समय जंगल में कहीं चली गई थी। आसपास तलाश करने के बावजूद गाय का पता नहीं चल सका। अगले दिन 24 सितंबर को दोबारा तलाश के दौरान गाय के चारों कटे हुए पैर धर्मजीत अगरिया के घर के पास शौचालय के लिए बनाए गए सोखता में मिले।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में पंचायत की बैठक आयोजित की गई। पुलिस के मुताबिक बैठक में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गाय को मारकर उसका मांस खाने की बात स्वीकार की। इसके बाद मामले की सूचना रनहत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और उनके निवास स्थानों पर घेराबंदी कर नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुम्हरिया, प्रदीप चरगट, धर्मजीत अगरिया, रविशंकर, अमरसाय, नघुराम, कोमला, फुलबसिया और रेशमा उर्फ हुगली के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम चंदौरा एवं आसपास के क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।