बलरामपुर
अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस पर तिलक-आरती कर भेंट किए उपहार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 27 सितंबर। रविवार को अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर जन चेतना कल्याण मंच की ओर से बेटियों के सम्मान और उनके प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 51 बेटियों के चरण पखारकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया गया। बेटियों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पंक्तिबद्ध बैठीं बेटियों के चरण पखारे गए। आयोजन के माध्यम से बेटियों के प्रति सम्मान और समानता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और प्रबुद्धजन शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास दुबे ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक के जीवन में संकल्प के रूप में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार के साथ-साथ समाज और देश की भी महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि बेटियों को बोझ समझने की सोच को समाप्त कर उन्हें सम्मान और बराबरी का अधिकार देना जरूरी है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जन चेतना कल्याण मंच की इस पहल की सराहना की।
आयोजन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि बेटियां परिवार की खुशहाली और समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। मंच ने बेटियों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।