बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 27 सितंबर। विकासखंड के ग्राम बूढ़ाबगीचा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र महुआपारा हरिजनपारा में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान नौनिहालों को खेल सामग्री वितरित की गई। अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने बताया कि 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक राजपुर विकासखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोडऩा और केंद्र की गतिविधियों में जनसहभागिता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि खेल सामग्री मिलने से बच्चों में खेलकूद के प्रति रुचि बढऩे के साथ बुनियादी शिक्षा के प्रति भी उनका जुड़ाव मजबूत होगा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) अमृता भगत ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह पहल की जा रही है। अभियान में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य सुधार को प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों एवं ग्रामीणों को दैनिक आहार में हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करने, उनके पोषक तत्वों और नियमित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपसरपंच दीपेश गर्ग, पंच दिनेश सोनी, छोटू दुबे सहित आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।